Atal Hindustan

Office Address

A-108, Genesis Appartment, Kanak Vrindavan, Sirsi Road, Jaipur-302034

Phone Number

+91-9167000444

Email Address

atalhindustan@gmail.com

कारोबार

भाजपा की महापौर प्रत्याशी के पति पर पार्षदों की खरीद-फरोख्त के आरोप, कांग्रेस ने एसीबी को ऑडियो सौंपा

जयपुर हैरिटेज नगर निगम में मंगलवार को महापौर का चुनाव होना है। लेकिन इसके एक दिन पहले सोमवार को हॉर्स ट्रेडिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कांग्रेस पार्षद दशरथ सिंह ने हैरिटेज में भाजपा महापौर प्रत्याशी कुसुम यादव के पति अजय यादव पर गैर भाजपाई पार्षदों की खरीद फरोख्त की कोशिश के आरोप लगाए हैं। पार्षद दशरथ सिंह ने सोमवार को इस संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के जयपुर स्थित मुख्यालय पहुंचकर शिकायत भी दर्ज कराई है। इसके साथ ही खरीद-फरोख्त से जुड़े दो कथित ऑडियो रिकार्डिंग भी एसीबी को सौंपी हैं। हैरिटेज से पार्षद दशरथ सिंह फिलहाल कूकस स्थित होटल जय बाग पैलेस में कांग्रेस की बाड़ेबंदी में हैं।
25-25 देने, चेयरमैन बनाने और गाड़ी दिलवाने का ऑफर

सोमवार को दशरथ सिंह ने अपना वीडियो जारी कर कहा- नगर निगम चुनाव में भाजपा को बहुमत नहीं मिलने पर वह गैर भाजपाई पार्षदों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। धनबल, बाहुबल से किसी भी तरह गैर भाजपाई पार्षदों को खरीदने की कोशिश की जा रही है, ताकि कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग की जाए। इससे बचने के लिए कांग्रेस ने 55 पार्षदों को एक जगह रखा हुआ है।

दशरथ सिंह ने आगे कहा कि उनके एक कार्यकर्ता ने उन्हें ऑडियो क्लिप उपलब्ध करवाई है। इसमें पार्षदों से संपर्क कर उन्हें ऑफर किया गया है। इसमें 25-25 देने, बोर्ड में चेयरमैन बनाने, गाड़ी दिलवाने और वार्ड में ज्यादा काम करवाने सहित कई ऑफर दिए जा रहे हैं। ऑडियो में सिर्फ 25-25 की बात कही जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्षदों को 25-25 लाख का ऑफर दिया गया।
महापौर प्रत्याशी के पति ने कहा- ऑडियो फर्जी, उनकी आवाज नहीं

पार्षदों की खरीद-फरोख्त से जुड़े इस कथित ऑडियो के वायरल होने के बाद अजय यादव ने कहा- ऑडियो में उनकी आवाज नहीं है। यह कांग्रेस की राजनीतिक साजिश है। वे किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं। जरूरत पड़ी तो वॉइस सैंपल भी देंगे।

जयपुर नगर निगम के हैरिटेज में पार्षदों की संख्या

जयपुर हैरिटेज नगर निगम में महापौर और बोर्ड बनाने के लिए बहुमत के लिए 51 पार्षदों का समर्थन चाहिए। यहां कुल 100 वार्ड हैं। इनमें कांग्रेस के 47 पार्षद हैं। भाजपा के 42 पार्षद है। इसके अलावा 11 निर्दलीय पार्षद हैं। कांग्रेस का दावा है कि उनके पास होटल में मौजूद कुल 55 पार्षदों का समर्थन है। इनमें निर्दलीय भी हैं। रविवार को इनकी परेड भी करवाई गई थी। कांग्रेस ने जयपुर हैरिटेज नगर निगम से वार्ड नंबर 43 से विजयी हुई मुनेश गुर्जर को महापौर की प्रत्याशी बनाया है। वहीं, भाजपा ने वार्ड नंबर-74 से चुनाव जीतीं कुसुम यादव को महापौर पद की प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा था।

वहीं, जयपुर ग्रेटर नगर निगम में कुल 150 वार्ड हैं। यहां बहुमत के लिए 76 का आंकड़ा चाहिए। मौजूदा स्थिति में भाजपा के पास पार्टी का महापौर और बोर्ड बनाने के लिए बहुमत हैं। उनके पास 88 पार्षद हैं। इसके अलावा कांग्रेस के पास 49 पार्षद हैं। इसके अलावा 13 निर्दलीय पार्षद हैं। भाजपा ने नगर निगम ग्रेटर से वार्ड नंबर 87 से पार्षद बनीं डॉ. सौम्या गुर्जर को महापौर की प्रत्याशी बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने वार्ड नंबर 93 से दिव्या सिंह को महापौर की प्रत्याशी बनाया है। इनके चयन के लिए मंगलवार को जीते हुए पार्षद वोट करेंगे।

Leave A Reviews